कैंचीधाम मेले की तैयारियां पूरी करने में जुटा प्रशासन, 15 जून को बाबा नीब करौरी महाराज के जन्मोत्सव पर उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
कैंचीधाम/नैनीताल। आगामी 15 जून को बाबा नीब करौरी महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाले कैंचीधाम मेले की तैयारियों को लेकर सोमवार को मंदिर परिसर स्थित सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने की। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात, पार्किंग, शटल सेवा, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य, विद्युत एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की विभागवार समीक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के सफल आयोजन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि बाबा का आशीर्वाद और सेवा का अवसर मिला है, इसलिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात जगदीश चंद्र ने बताया कि मेले के दिन आपातकालीन वाहनों को छोड़कर भवाली-कैंचीधाम मार्ग पर सामान्य वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हल्द्वानी, नैनीताल और भीमताल से विशेष शटल सेवाएं संचालित की जाएंगी। निर्धारित पार्किंग स्थलों से मंदिर तक लगातार शटल वाहन चलेंगे। मार्ग पर किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग और भंडारे की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने सभी पार्किंग स्थलों पर पेयजल, विद्युत प्रकाश, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं नगर पालिका भवाली और जिला पंचायत को समन्वय बनाकर व्यापक सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। मेले के दौरान पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मी तैनात रहेंगे तथा मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था भी की जाएगी। मंदिर मार्ग और मेला क्षेत्र से दिन में कम से कम तीन बार कूड़ा उठान किया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर पेयजल टैंकर लगाए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि मेले के दौरान तीन दिनों तक मेडिकल टीम तैनात रहेगी तथा दो एम्बुलेंस हर समय उपलब्ध रहेंगी। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा वन विभाग को शिप्रा नदी क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
मेला क्षेत्र में सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, सहायता केंद्र और अग्निशमन दल की विशेष तैनाती की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में मंदिर समिति के ट्रस्टी, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, व्यापार मंडल प्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




