

*चलती विवेचना पर भ्रामक दुष्प्रचार पड़ा भारी, नैनीताल पुलिस ने जारी किया कड़ा नोटिस*
*तथ्यहीन और भ्रामक पोस्ट पर नैनीताल पुलिस की सख्ती, देहरादून के X हैंडल से मांगा जवाब*
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। सोशल मीडिया के दुरुपयोग और भ्रामक प्रचार के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। कोतवाली हल्द्वानी में दर्ज एक मामले की चल रही विवेचना के संबंध में सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रामक, मनगढ़ंत एवं तथ्यहीन पोस्ट प्रसारित किए जाने के मामले में देहरादून के एक X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल को आधिकारिक नोटिस जारी किया गया है।
पुलिस के अनुसार, संबंधित सोशल मीडिया यूजर द्वारा बिना आधिकारिक पुष्टि और तथ्यों की सत्यता की जांच किए उच्चाधिकारियों के संबंध में भ्रामक एवं निराधार टिप्पणियां प्रसारित की जा रही थीं। पुलिस ने कहा कि इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना गतिविधियों से आमजन में भ्रम की स्थिति उत्पन्न होने के साथ ही शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है।
मामले का संज्ञान लेते हुए नैनीताल पुलिस ने संबंधित X यूजर को नोटिस जारी कर निर्धारित समयावधि में तथ्यात्मक एवं स्पष्ट जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने पर विधि के अनुसार अग्रिम एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।




















