
“खाई में जिंदगी-मौत की जंग, देवदूत बनी पुलिस-SDRF; दो घायलों का रेस्क्यू!”
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी/काठगोदाम। नैनीताल जिले के काठगोदाम क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। ग्राम सभा लमजाला में एक थार वाहन अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन में सवार एक महिला और एक पुरुष को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लमजाला में वाहन संख्या UK04AR1001 के गहरी खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ, हल्द्वानी फायर सर्विस और यातायात निरीक्षक भूपेश पांडे भी मौके पर पहुंच गए।
दुर्गम खाई में चलाया रेस्क्यू अभियान
हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 150 मीटर गहरी खाई में उतरकर टीम ने वाहन में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू किए गए लोगों की पहचान नीरज सिंह रजवार (29 वर्ष), निवासी भोटिया पड़ाव, हल्द्वानी और रिचा शाह (29 वर्ष), निवासी आवास विकास, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
एंबुलेंस से अस्पताल भेजे गए घायल
रेस्क्यू के बाद दोनों घायलों को एंबुलेंस 108 के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों की स्थिति सामान्य बताई गई है। हादसे की सूचना मिलने पर उनके परिजन भी मौके पर मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
इस मुश्किल रेस्क्यू अभियान में स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस और बचाव दल का सहयोग किया। सचिन शाह, रमेश चंद्र, रोहित बिष्ट, अमन जंतवाल, सोनू जंतवाल, विजय जंतवाल, अक्षय जंतवाल, यशपाल आर्य, बॉबी आर्य, पीयूष जंतवाल और प्रियांशु बिष्ट ने बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाई।
रेस्क्यू अभियान में प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान, यातायात निरीक्षक भूपेश पांडे, मल्ला काठगोदाम चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें शामिल रहीं।
समय पर पहुंची पुलिस और बचाव दल की तत्परता तथा स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से दोनों घायलों को खाई से सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।







