वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में जमकर हुई फायरिंग, घायल बदमाश सहित 4 को किया गिरफ्तार।

 उधम सिंह राठौर – प्रधान सम्पादक

गाजीपुर – जिले में रविवार को वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में जमकर फायरिंग हुई। फायरिंग के दौरान पुलिस की गोली से घायल बदमाश सहित 4 को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए बदमाशों के पास से 2 तमंचा, जिंदा कारतूस, चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक बरामद की गई है। घटना की पुष्टि एसपी ओमवीर सिंह ने की।

एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि थाना भांवरकोल को सूचना मिली कि रोहतास जिले से ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी कर कुछ बदमाश बेचने के फिराक में है । इसके आधार पर भांवरकोल थाने की पुलिस और एसओजी टीम द्वारा संयुक्त रूप से अवथही मोड़ के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था कि तभी बाइक सवार तीन बदमाश पखनपुरा की तरफ से तेज रफ्तार से आते दिखाई दिए।

इनको पुलिस टीम द्वारा रोकने का प्रयास किया गया तो ये पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। इस दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई. उसके बावजूद भी बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर लगातार फायरिंग की गई।

यह भी पढ़ें 👉  खाद्य सुरक्षा विभाग पर सवाल! रामनगर में सैंपल तो लिए जाते हैं, लेकिन जांच रिपोर्ट और मिलावटखोरों पर कार्रवाई का खुलासा आखिर क्यों नहीं होता?

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल बदमाश के अन्य दो साथियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया. इसके अलावा बदमाशों का एक साथी जो ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आ रहा था, जब पुलिस को देखा तो ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भागने लगा। उसे भी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया. वहीं, पकड़े गए सभी 4 बदमाशों से पूछताछ की गई।

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर में सड़कों पर मौत का सामान! तड़के 4 बजे एआरटीओ का छापा, अवैध जुगाड़ और ओवरलोडिंग पर कार्रवाई।

घायल बदमाश का नाम रवि है। जबकि, अन्य के नाम हरेन्द्र सिंह, सुनील यादव और रघु चौहान हैं। ये सभी बिहार के इटाढी गांव, सिकढौर थाना जिला बक्सर के रहने वाले है। वहीं, घायल बदमाश रवि को अस्पताल भेज गया है. सभी के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है।