काशीपुर में प्रबुद्धजन सम्मेलन में बोले मुख्यमंत्री धामी – “विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने में उत्तराखंड की अहम भूमिका”
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक

काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को काशीपुर में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में प्रतिभाग कर समाज के विभिन्न वर्गों के बुद्धिजीवियों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म” की नीति पर चलते हुए तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बना चुका है और चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में वैश्विक पटल पर मजबूती से उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में आई पहली तिमाही के आँकड़े इस बात का प्रमाण हैं कि भारत विश्व का सबसे तेज़ ग्रोथ इंजन है। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा जीएसटी दरों में की गई कमी के लिए भी आभार जताया।
राज्य की उपलब्धियों पर बोलते हुए श्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड ने निवेश और औद्योगिक विकास में नई ऊँचाइयाँ हासिल की हैं। वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के 3.56 लाख करोड़ रुपये से अधिक निवेश समझौतों में से लगभग 1 लाख करोड़ के प्रस्ताव धरातल पर उतारे जा चुके हैं। औद्योगिक विकास को गति देने के लिए राज्य में मेगा इंडस्ट्रियल पॉलिसी, स्टार्टअप नीति, MSME नीति और सिंगल विंडो सिस्टम जैसी व्यवस्थाएँ लागू की गई हैं।
उन्होंने बताया कि ‘एक जनपद–दो उत्पाद’, ‘स्टेट मिलेट मिशन’, ‘नई पर्यटन नीति’, ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ जैसे प्रयासों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। यही कारण है कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखंड को देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ऐतिहासिक फैसले लेते हुए समान नागरिक संहिता, प्रभावी नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और लैंड जिहाद के विरुद्ध कड़े कदम उठाए हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलते हुए 200 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है।
उन्होंने जनता से स्वदेशी उत्पाद अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि “स्वदेशी अपनाओ, देश को मजबूत बनाओ” के मंत्र को आत्मसात कर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोड़ा, महापौर दीपक बाली सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।























