मुख्यमंत्री के निर्देश पर अलर्ट मोड में उत्तराखण्ड पुलिस, सड़कों पर उतरे अधिकारी।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। प्रदेश में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद उत्तराखण्ड पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार Visible Policing की अवधारणा को धरातल पर उतारते हुए पारंपरिक पुलिसिंग—गश्त, पिकेट और रात्रि चेकिंग—को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।
इसी क्रम में रिधिम अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ परिक्षेत्र तथा डॉ. मंजुनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल स्वयं मैदान में उतरे और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ड्यूटीरत अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी गई कि चेकिंग के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए और अराजक तत्वों पर प्रभावी नकेल कसी जाए।
एसपी हल्द्वानी, एसपी नैनीताल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी समेत जनपद के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को रात्रि गश्त बढ़ाने तथा देर रात अनावश्यक रूप से घूमने वालों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए।
हाई लेवल गोष्ठी में दिए गए प्रमुख निर्देश
12 फरवरी 2026 को आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए—
-
सभी क्षेत्राधिकारी रात्रि में अपने क्षेत्र में मौजूद रहेंगे और दिन-रात्रि की लोकेशन उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराएंगे।
-
प्रत्येक थाना/चौकी प्रभारी स्वयं क्षेत्र में रहकर रात्रि गश्त और पिकेट ड्यूटी सुनिश्चित करेंगे।
-
उपलब्ध पुलिस बल के अनुसार अधिकतम रात्रि ड्यूटी लगाई जाएगी, जिसकी प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाएगी।
-
रात्रि 11 बजे तक वाणिज्यिक प्रतिष्ठान बंद कराए जाएंगे तथा शराब व जुए के अड्डों पर सघन चेकिंग होगी।
-
रंजिशन विवादों को चिन्हित कर दोनों पक्षों पर निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
-
सक्रिय व अभ्यस्त अपराधियों के विरुद्ध गैंगस्टर व गुंडा एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
SSP का सख्त संदेश
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मी के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि देर रात अनावश्यक रूप से सड़कों पर न घूमें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस ने अराजक तत्वों को चेतावनी दी है कि जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।






