*कोर्ट सुरक्षा को लेकर अलर्ट मोड में प्रशासन, विशेष ऑडिट टीम गठित*
*न्यायालय परिसर की सुरक्षा होगी अभेद — संयुक्त टीम ने लिया बड़ा फैसला*
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए हल्द्वानी न्यायालय परिसर में आज उच्चस्तरीय संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में मा० जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रशांत जोशी, जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल, एसएसपी नैनीताल मंजुनाथ टीसी, अपर जिला जज सुजीत कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश, एडीएम विवेक राय तथा एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल मौजूद रहे।
अधिकारियों ने न्यायालय परिसर की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था का गहन ऑडिट कर प्रवेश द्वार, सुरक्षा उपकरणों, मैनपॉवर तैनाती और निगरानी तंत्र की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए अतिरिक्त संसाधनों और बेहतर समन्वय व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एसपी सिटी हल्द्वानी की अध्यक्षता में एक विशेष सुरक्षा ऑडिट टीम गठित की जाए। इस टीम में न्यायालय परिसर के नामित प्राधिकारी, अभिसूचना इकाई के अधिकारी, स्थानीय थाना पुलिस तथा प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन शामिल रहेंगे। टीम नियमित समीक्षा कर अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपेगी।
एसएसपी नैनीताल ने जनपद की समस्त पुलिस फोर्स को निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा उच्च सतर्कता के साथ दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित किया जाए।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।






