गैस एजेंसियों से सीधे सिलेंडर वितरण पर रोक, केवल होम डिलीवरी से मिलेगी गैस — एसएसपी की जनता से अपील।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। जिला प्रशासन ने जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ा फैसला लिया है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर अब गैस एजेंसियों के गोदाम या परिसर से सीधे सिलेंडर वितरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
नैनीताल पुलिस के अनुसार, एजेंसियों पर भारी भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। अब सभी गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को केवल डोर-टू-डोर (होम डिलीवरी) के माध्यम से ही घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल ऑनलाइन बुकिंग और ओटीपी जनरेशन में तकनीकी बाधाओं की शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे में जो उपभोक्ता फोन या ऐप के माध्यम से बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं, वे केवल बुकिंग कराने के उद्देश्य से ही गैस एजेंसी कार्यालय जा सकते हैं, सिलेंडर लेने के लिए भीड़ लगाने की अनुमति नहीं होगी।
इस संबंध में एसएसपी नैनीताल Manjunath T C ने जनसामान्य और गैस उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि वे गैस एजेंसियों पर अपने परिजनों या वाहनों के साथ भीड़ न लगाएं। प्रशासन के अनुसार जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और उन्हें तय समय में उपभोक्ताओं के घरों तक पहुंचाया जाएगा।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश की अवहेलना करने वाले उपभोक्ताओं, गैस एजेंसी संचालकों तथा संबंधित स्टेकहोल्डरों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस मीडिया सेल ने बताया कि सभी प्रमुख गैस कंपनियों— Indian Oil Corporation (इंडेन), Bharat Petroleum (भारत गैस) और Hindustan Petroleum (HP गैस) — को भी इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।


















