बाल कल्याण समिति ने संसाधन-विहीन परिवारों संग मनाई दीपावली, बांटी खुशियाँ और उपहार।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक

ढिकुली।राजकीय इंटर कॉलेज ढिकुली की बाल कल्याण समिति ने दीपावली पर्व के अवसर पर विद्यालय के सेवित क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सुंदरलाल, देवीचौड़, गर्जिया, ढिकुली एवं रिंगौड़ा गाँवों में आर्थिक एवं सामाजिक रूप से निर्बल वर्ग के 30 परिवारों के साथ दीपावली मनाई।
समिति के सदस्यों ने विद्यार्थियों के घर जाकर उन्हें दीपावली की मिठाई, उपहार तथा जरूरतमंद परिवारों को कंबल वितरित किए। अचानक अपने घर पर शिक्षकों और गणमान्य लोगों को देखकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस दौरान समिति के सदस्यों ने विद्यार्थियों के परिजनों से बच्चों के शैक्षिक प्रदर्शन एवं उनकी समस्याओं पर चर्चा की तथा सुधार के सुझाव भी दिए। समिति के वरिष्ठ सदस्यों ने अभावग्रस्त परिवारों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें सकारात्मक सोच और शिक्षा के महत्व पर प्रेरित किया। परिजनों ने समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।
बाल कल्याण समिति द्वारा प्रतिवर्ष विद्यालय के आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों एवं उनके परिवारों के साथ दीपावली का पर्व मनाया जाता है।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष इंजीनियर ललित मोहन छिमवाल, उपाध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह रावत, कोषाध्यक्ष रमेश सिंह बिष्ट, सचिव दिनेश चंद्र सिंह रावत, ऑडिटर सेवानिवृत्त वित्त अधिकारी एन. के. नैनवाल, उपसचिव जगदीश छिमवाल, समाजसेवी गणेश रावत, चंदन सिंह रावत, सी. बी. एस. कन्याल, रुचि आर्या, लोकेश सिंह रावत, रुचि पांडे, समाजसेवी विनय बलौदी, पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष आनंद सिंह कड़ाकोटी, दया कृष्ण सती, अखिलेश मैंदोला आदि सदस्य उपस्थित रहे।
सभी ने जरूरतमंद परिवारों को मिठाई एवं उपयोगी सामग्री उपहारस्वरूप भेंट की।























