अराजक तत्वों पर कसी नकेल, भवाली क्षेत्र में पुलिस का बड़ा सत्यापन अभियान, 199 बाहरी व्यक्तियों का किया सत्यापन।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
भवाली (नैनीताल)।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के सख़्त निर्देशों के क्रम में भवाली क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा बाहरी एवं अराजक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस द्वारा वृहद सत्यापन अभियान चलाया गया।
हाल ही में घटित घटनाओं को दृष्टिगत रखते हुए एसएसपी नैनीताल ने क्षेत्र में लगातार सत्यापन अभियान संचालित करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक भवाली श्री प्रकाश मेहरा के नेतृत्व में भवाली पुलिस एवं पीएसी टीमों द्वारा कस्बा भवाली के वार्ड संख्या 02, 03 व 04, रेहड़, गांधी कॉलोनी एवं टमट्यूड़ा क्षेत्र में सघन सत्यापन किया गया।
अभियान के दौरान 51 मकानों में निवासरत कुल 199 बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की जांच की गई। जांच के दौरान 21 व्यक्तियों का सत्यापन अपूर्ण पाए जाने पर उनके विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा क्षेत्र के सभी मकान मालिकों से अपने किरायेदारों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने की लगातार अपील की जा रही है।
SSP नैनीताल की आमजन से अपील
आम नागरिक अपने किरायेदारों का सत्यापन अवश्य कराएं। अपने आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 अथवा निकटतम थाना को दें।
नैनीताल पुलिस जनसुरक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस का सत्यापन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
— मीडिया सैल, नैनीताल पुलिस






