विस्थापन प्रक्रिया तेज, प्रशासन ने किया अमरपुर-चुकम का निरीक्षण।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर तहसील के अमरपुर और चुकम गांव के विस्थापन एवं पुनर्वास को लेकर प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। जनपद स्तरीय पुनर्वास समिति ने स्थलीय निरीक्षण कर ग्रामीणों से बातचीत की।
रामनगर तहसील के राजस्व ग्राम अमरपुर और चुकम के विस्थापन एवं पुनर्वास के लिए गठित जनपद स्तरीय समिति ने शनिवार को दोनों गांवों का स्थलीय निरीक्षण और सत्यापन किया। यह निरीक्षण शैलेंद्र सिंह नेगी अपर जिला अधिकारी (वित्त एवं राजस्व) नैनीताल की अध्यक्षता में किया गया। समिति ने विस्थापन के लिए चयनित वन भूमि—हाथीडांगर, आमपोखरा रेंज (पश्चिम तराई) का भी निरीक्षण किया।
ग्राम चुकम में आयोजित बैठक के दौरान ग्रामीणों को पुनर्वास प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस दौरान ग्रामीणों ने शीघ्र विस्थापन की मांग रखी। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि चुकम और अमरपुर गांव के पुनर्वास के लिए वन विभाग से भूमि विनियम की सहमति मिल चुकी है और अब वन संरक्षण अधिनियम 1980 के तहत आगे की कार्यवाही की जाएगी।उन्होंने बताया कि जल्द ही इस संबंध में रिपोर्ट जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजी जाएगी। निरीक्षण के दौरान प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
आउट्रो:
प्रशासन के इस कदम से ग्रामीणों के पुनर्वास की प्रक्रिया को जल्द पूरा किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।





