गुणवत्ता आधारित संस्कृति को जन-आंदोलन बनाना जरूरी: BIS स्थापना दिवस पर बोले मुख्यमंत्री धामी।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
खबर: देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के 79वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्ता को केवल मानक नहीं बल्कि आदत बनाना आवश्यक है, ताकि गुणवत्ता आधारित संस्कृति एक जन-आंदोलन के रूप में विकसित हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1947 में भारतीय मानक संस्था के रूप में शुरू हुई BIS की यात्रा आज देश की औद्योगिक, वैज्ञानिक और आर्थिक प्रगति की मजबूत आधारशिला बन चुकी है। मानकीकरण, प्रमाणीकरण और गुणवत्ता परीक्षण के माध्यम से BIS ने न केवल उद्योगों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाया है, बल्कि उपभोक्ताओं के जीवन में भरोसे और सुरक्षा की भावना भी मजबूत की है।
उन्होंने कहा कि आज मानकीकरण का दायरा केवल उद्योग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कृषि, स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा, ऊर्जा, जल संरक्षण, आपदा प्रबंधन और डिजिटल सेवाओं तक विस्तृत हो चुका है। डिजिटल सुरक्षा, मेडिकल डिवाइस, ड्रोन, इलेक्ट्रिक वाहन, रिसाइकिल सामग्री और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में BIS द्वारा समयानुकूल मानक तय किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया अभियान को सफल बनाने में BIS की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारतीय उत्पाद विश्व में गुणवत्ता का मानक बनें, इस दिशा में BIS निरंतर कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार भी स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, जैविक कृषि, औषधीय जड़ी-बूटियों और स्थानीय खाद्य उत्पादों के लिए उच्च गुणवत्ता मानक स्थापित करने पर कार्य कर रही है। “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड के माध्यम से उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने राज्य में विज्ञान एवं तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए बताया कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति-2025 लागू की गई है। सभी जनपदों में STEM आधारित प्रयोगशालाएं, लैब-ऑन-व्हील्स, पेटेंट सूचना केंद्र और विज्ञान महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण कार्य भी तेज गति से चल रहा है।
कार्यक्रम में विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, BIS निदेशक सौरभ तिवारी, यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत सहित उद्योग एवं व्यापार जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग


