रामनगर में मौत का चौराहा बना कानिया—भीषण टक्कर में युवक की जान, तीन जिंदगी से जूझ रहे 🚨
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। कानिया चौराहे पर करीब 7:30 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सांवल्दे निवासी तीन युवक—अमित उर्फ दिगंबर (19), भास्कर (21) और उमेश (21)—एक ही बाइक पर सवार होकर रामनगर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से ग्राम पाटकोट निवासी पंकज (लगभग 40 वर्ष) अपनी बुलेट बाइक से आ रहा था। कानिया चौराहे के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने अमित उर्फ दिगंबर को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीन घायलों की हालत नाजुक होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी और रो-रोकर उनका बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
⚠️ इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कानिया चौराहे पर ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।







