भीमताल में मंत्री कैड़ा का दौरा, ओलावृष्टि से नुकसान पर अफसरों को सख्त निर्देश।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
उत्तराखंड सरकार में शहरी विकास एवं जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र भीमताल के धारी ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने उनका जोरदार स्वागत किया।
मंत्री कैड़ा ने धानाचुली, मानाघेर, तल्ली दिनी, चौरलेख, पहाड़पानी, धानारौली और जलना नीलपहाड़ी सहित कई गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान उन्होंने हाल ही में हुई ओलावृष्टि से किसानों को हुए भारी नुकसान का भी संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की फसलों—आड़ू, सेब, प्लम, नाशपाती और मटर—को हुए नुकसान का तत्काल आकलन कर बीमा कंपनियों के माध्यम से उचित मुआवजा दिलाया जाए।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री कैड़ा ने अपनी नियुक्ति के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। साथ ही क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। मंत्री कैड़ा ने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में पार्टी पुनः सरकार बनाएगी और क्षेत्र की हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।





