शराब दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी—ओवररेटिंग का बड़ा खुलासा, कई अनियमितताएं उजागर।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर बुधवार को जिले के हल्द्वानी, लालकुआं और कालाढूंगी क्षेत्रों में मदिरा दुकानों पर राजस्व विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। जांच के दौरान कई दुकानों में एमआरपी से अधिक दाम वसूले जाने (ओवररेटिंग) का खुलासा हुआ।
कालाढूंगी में उपजिलाधिकारी विपिन पंत के नेतृत्व में विदेशी मदिरा की दुकान पर टीम ने ग्राहक बनकर शराब खरीदी। जांच में सामने आया कि बोतलों पर अंकित मूल्य से ₹10 अधिक वसूले गए। मौके पर अन्य ग्राहकों ने भी ओवररेटिंग की पुष्टि की।
जांच के दौरान दुकान में कई गंभीर अनियमितताएं भी सामने आईं। स्टॉक पंजिका और वास्तविक स्टॉक में अंतर पाया गया, बिलिंग मशीन बंद मिली, ग्राहकों को बिल नहीं दिए जा रहे थे और रेट लिस्ट भी प्रदर्शित नहीं थी।
वहीं लालकुआं में उपजिलाधिकारी रेखा कोहली द्वारा 4 मदिरा दुकानों का निरीक्षण किया गया, जहां सभी दुकानों में ओवररेटिंग पाई गई। इसके अलावा बिलिंग मशीन खराब, स्टॉक और बिक्री पंजिका अपूर्ण, तथा पुलिस सत्यापन न होने जैसी खामियां भी उजागर हुईं।
राजस्व टीम ने सभी मामलों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को भेज दी है और संबंधित दुकानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
👉 संकेत साफ: अब शराब दुकानों में मनमानी नहीं चलेगी—प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है।





