वन्यजीव संघर्ष पर सख्त रुख—सीएम Pushkar Singh Dhami ने तय की जवाबदेही।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी, 11 अप्रैल 2026
मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने शनिवार को सर्किट हाउस हल्द्वानी में नैनीताल जनपद के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करते हुए मानव-वन्यजीव संघर्ष, पर्यटन सीजन की तैयारियों और कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी समाधान के साथ अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और आधुनिक तकनीकों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर फेंसिंग और अलर्ट सिस्टम लगाने के निर्देश देते हुए वन विभाग और पुलिस की संयुक्त क्विक रिस्पॉन्स टीम को 24 घंटे सक्रिय रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नैनीताल जनपद में पर्यटकों और वन क्षेत्रों से सटे गांवों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पर्यटन सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सड़कों को गड्ढामुक्त रखने, ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत करने, शटल सेवा और वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था को समय पर शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पर्यटन स्थलों पर हुड़दंग, नशाखोरी और ओवरचार्जिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना तराई-भावर क्षेत्र में पेयजल संकट के समाधान, भूजल स्तर में वृद्धि और बाढ़ नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाए जाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने कुमाऊं आयुक्त एवं जिलाधिकारी को प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने को कहा।
विद्युत एवं पेयजल व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने ग्रीष्मकाल और मानसून से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई विभाग सहित अन्य एजेंसियों द्वारा संचालित कार्यों को भी समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि आदि कैलाश यात्रा के लिए 1 मई से इनर लाइन पास जारी किए जाएंगे, जबकि कैंचीधाम बाईपास का निर्माण कार्य 30 मई तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी क्षेत्रीय समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा, जिस पर उन्होंने त्वरित समाधान के निर्देश दिए।



