रिसॉर्ट और होमस्टे की आड़ में निर्माण? आयुक्त ने मांगी पूरी रिपोर्ट।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल, 06 मार्च।
मुक्तेश्वर क्षेत्र में तेजी से हो रहे बहुमंजिला निर्माण और रिसॉर्ट्स को लेकर कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने कड़ा रुख अपनाया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हो रहे निर्माण कार्यों और होमस्टे योजना के संभावित दुरुपयोग पर गंभीर चिंता जताई।
आयुक्त ने प्रथम दृष्टया इन निर्माणों को भू-कानून की भावना के विपरीत बताते हुए कहा कि मुक्तेश्वर में समूह बनाकर बड़े पैमाने पर इमारतें और रिसॉर्ट बनाए जा रहे हैं, जो नियमों के उल्लंघन की ओर इशारा करते हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल और जिला विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र में बन रही सभी बहुमंजिला इमारतों और रिसॉर्ट्स की विस्तृत जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
उन्होंने साफ कहा कि यदि जांच में नियमों के उल्लंघन या अनियोजित निर्माण की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रशासन को भविष्य में ऐसे निर्माणों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि भू-कानून का दुरुपयोग रोका जा सके।


















