सीएम धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड बनाएगा पौधरोपण का रिकॉर्ड: हरेला पर्व पर एक दिन में रोपे जाएंगे 5 लाख पौधे।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
देहरादून, उत्तराखंड इस वर्ष हरेला पर्व के अवसर पर एक नया कीर्तिमान स्थापित करने जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में 16 जुलाई को पूरे प्रदेश में एक ही दिन में पांच लाख से अधिक पौधे रोपित किए जाएंगे। इस महाअभियान के अंतर्गत गढ़वाल मंडल में तीन लाख और कुमाऊं मंडल में दो लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस वर्ष हरेला पर्व की थीम “हरेला का त्योहार मनाओ, धरती मां का ऋण चुकाओ” रखी गई है। साथ ही यह अभियान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा आरंभ किए गए “एक पेड़ – माँ के नाम” अभियान से भी जुड़ा हुआ है। राज्यभर में यह महाअभियान सार्वजनिक स्थलों, वनों, नदियों, गाड़-गदेरों के किनारे, स्कूल-कॉलेज, विभागीय परिसरों, सिटी पार्कों और आवासीय क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि —
“उत्तराखंड प्रकृति के बेहद करीब है, और पर्यावरण संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। लोक पर्वों को जनभागीदारी के साथ जोड़कर पर्यावरण संरक्षण को लोक उत्सव का रूप देना हमारा उद्देश्य है।”
इस पौधरोपण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रमुख सचिव रमेश कुमार सुंधाशु द्वारा सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अभियान में ग्राम पंचायतों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, एनसीसी, एनएसएस, स्कूली छात्रों, विभागीय कर्मियों और आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
प्रदेश सरकार इस पूरे अभियान को एक महीने तक चलने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला में शामिल कर रही है, जिससे हरेला पर्व को और अधिक व्यापक स्वरूप में मनाया जा सके। ज्ञात हो कि वर्ष 2016 में उत्तराखंड में एक दिन में दो लाख पौधे रोपे गए थे, जिसे इस बार पार कर पौधरोपण का नया रिकॉर्ड बनने जा रहा है।
पिछले चार वर्षों में मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड के लोक पर्वों और लोक संस्कृति को एक नवीन पहचान मिली है। हरेला, इगास, बटर फेस्टिवल, फूलदेई, घी संक्रांति जैसे पर्वों को राज्य के बाहर भी व्यापक मान्यता मिली है।

