वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़: हिरण के मांस के साथ एक गिरफ्तार, दो फरार।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर के तराई पश्चिम वन प्रभाग के आमपोखरा क्षेत्र में वन विभाग ने वन्यजीव अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हिरण के मांस की तस्करी का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य तस्कर फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, आमपोखरा रेंज के नेपा क्षेत्र से दो तस्कर एक मृत हिरण को मालधन के आनंद नगर नंबर-7 स्थित एक मुर्गा दुकान पर लेकर पहुंचे थे। मंगलवार को हिरण के मांस की अवैध बिक्री की सूचना पर वन विभाग की टीम ने त्वरित छापा मार कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान दुकान संचालक संजय कुमार (51) पुत्र गोविंद राम को करीब 12 किलो हिरण के मांस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृत हिरण को इसी दुकान पर काटा गया था।
हालांकि, इस पूरे मामले में शामिल अन्य दो आरोपी — जीवन कुमार (पुत्र शंकरलाल) निवासी आनंद नगर नंबर-7 और सुनील कुमार निवासी शिवनाथपुर — मौके से फरार होने में सफल रहे।
रेंजर पूरन सिंह खानायात ने बताया कि पुख्ता सूचना के आधार पर टीम ने तत्काल कार्रवाई की। तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
👉 इस घटना ने एक बार फिर इलाके में वन्यजीव तस्करी के नेटवर्क पर सवाल खड़े कर दिए हैं।





