नशे के खिलाफ दौड़ा उत्तराखंड: “रन फॉर अवेयरनेस” रैली को सीएम धामी ने दिखाई हरी झंडी।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हल्द्वानी में ‘नशामुक्त उत्तराखंड’ अभियान के तहत आयोजित “रन फॉर अवेयरनेस” रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एमबी इंटर कॉलेज मैदान से शुरू हुई इस रैली में हजारों की संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
रैली को रवाना करने से पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ एक मजबूत सामाजिक संदेश है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे को ‘ना’ और जीवन को ‘हाँ’ कहें, ताकि पूरे प्रदेश में सकारात्मक बदलाव का संदेश पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने नशे को “साइलेंट वार” बताते हुए कहा कि इसकी चपेट में सबसे ज्यादा युवा वर्ग आ रहा है। उन्होंने चेताया कि मजाक-मजाक में शुरू हुआ नशा जीवन को गंभीर संकट में डाल सकता है, जिससे व्यक्ति ही नहीं, पूरा परिवार प्रभावित होता है।
उन्होंने बताया कि नशा मुक्त भारत अभियान से प्रेरित होकर राज्य सरकार इस दिशा में मिशन मोड पर काम कर रही है। वर्ष 2022 में गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने हजारों आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी की है। साथ ही, एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (एटीएफ) केंद्रों का संचालन किया जा रहा है और सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में इन्हें स्थापित किया जा रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए ‘दगड़िया क्लब’ जैसे प्रयास किए जा रहे हैं, जो नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह लड़ाई केवल कानून से नहीं, बल्कि समाज की जागरूकता और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से जीती जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। इस दौरान कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।



