कैंची धाम मे उमड़ा आस्था का महासैलाब, देश-विदेश से पहुंच रहे हजारों श्रद्धालु,
किसी भी बैरियर पर नहीं रोके जा रहे भक्त, शटल सेवाओं से हो रहा सुगम आवागमन, SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी की निगरानी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम में बाबा नीब करौरी महाराज के वार्षिक स्थापना दिवस के अवसर पर आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा है। सोमवार सुबह वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात प्रातः 5 बजे बाबा के पावन कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए।
कपाट खुलने से पहले ही मंदिर परिसर, मुख्य मार्गों और शटल पार्किंग स्थलों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। सुबह से ही देश-विदेश के विभिन्न राज्यों एवं शहरों से श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है। बाबा के दरबार में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
सुबह से ही हजारों श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए कैंची धाम पहुंच चुके हैं और श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रशासन द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों से संचालित शटल सेवाएं पूर्ण क्षमता के साथ लगातार संचालित की जा रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम तरीके से मंदिर तक पहुंचाया जा रहा है।
नैनीताल पुलिस के अनुसार किसी भी बैरियर पर श्रद्धालुओं को रोका नहीं जा रहा है। सभी श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन पार्क कर शटल सेवाओं के माध्यम से दर्शन के लिए भेजा जा रहा है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात और दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस, प्रशासन और स्वयंसेवकों द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। मंदिर क्षेत्र, पार्किंग स्थलों और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है, जबकि वरिष्ठ अधिकारी स्वयं व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
कैंची धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से स्थानीय व्यापार, होटल व्यवसाय और पर्यटन गतिविधियों में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और सकारात्मक माहौल बना हुआ है।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य एवं अनुशासन बनाए रखने, पुलिस एवं स्वयंसेवकों के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा निर्धारित पार्किंग एवं शटल सेवाओं का ही उपयोग करने की अपील की है।
नैनीताल पुलिस ने कहा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और सुखद यात्रा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।




