
झपट्टा मारकर मोबाइल छीना, पुलिस ने आरोपी को दबोचा; फोन भी बरामद।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत चोरगलिया पुलिस को झपट्टामारी के मामले में सफलता मिली है। पुलिस ने मोबाइल झपटने के आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक 9 अगस्त 2026 को निलेश पुत्र रमेश चंद्र, निवासी पहाड़ी उकरौली, थाना सितारगंज, ऊधम सिंह नगर ने चोरगलिया थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 7 अगस्त की शाम करीब 7 बजे उनके पिता साइकिल से गोविंदपुर स्थित अपने नाना के घर जा रहे थे।
इसी दौरान बगीचा रेस्टोरेंट के पास एक युवक ने अचानक उनके हाथ से मोबाइल फोन झपट लिया और मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही चोरगलिया पुलिस ने मामले में FIR संख्या 39/2026, धारा 304(2) BNS के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आदित्य कुमार उर्फ विक्की (25 वर्ष), पुत्र रमेश लाल, निवासी ग्राम धर्मगढ़, थाना चोरगलिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से झपट्टा मारकर छीना गया Samsung A07 5G मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पहले भी चोरी के मामले में जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार पूछताछ और अभिलेखों की जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी आपराधिक गतिविधि में शामिल रहा है। आरोपी थाना चोरगलिया में दर्ज FIR संख्या 10/2026 में बैटरी चोरी के मामले में जेल जा चुका है और वर्तमान में न्यायालय से जमानत पर बाहर था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
ये पुलिसकर्मी रहे टीम में शामिल
आरोपी की गिरफ्तारी और मोबाइल बरामद करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक मनजीत सिंह, कांस्टेबल संदीप सिंह और कांस्टेबल चंदन सिंह शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और चोरी, झपट्टामारी तथा अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।




