
दो राज्यों के मुख्यमंत्रियों के रिश्तों में दिखी आत्मीयता, मोहन यादव ने लिया धामी की मां का आशीर्वाद।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह क्षेत्र खटीमा में बुधवार को एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने राजनीतिक मुलाकात को पारिवारिक आत्मीयता में बदल दिया। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत खटीमा पहुंचे और यहां से सीधे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नगला तराई स्थित निजी आवास पहुंचे। यहां उन्होंने धामी की माता श्रीमती बिशना देवी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और उनके साथ मध्यान्ह भोजन भी किया।
इस मुलाकात का सबसे खास पहलू यह रहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राजनीतिक औपचारिकताओं से अलग हटकर धामी की माता से पारिवारिक आत्मीयता के साथ मुलाकात की। इस दौरान घर का माहौल भी खासा आत्मीय नजर आया।
इससे पहले लोहियाहेड हेलीपैड पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और एसएसपी अजय गणपति समेत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया।
दौरे के दौरान कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
खास बात यह रही कि इस दौरे में राजनीतिक चर्चाओं से ज्यादा मुख्यमंत्री मोहन यादव की धामी परिवार के प्रति आत्मीयता सुर्खियों में रही।












