

स्वतंत्रता दिवस पर स्वच्छता और वृक्षारोपण अभियान, लिया ‘नशे से आजादी’ का संकल्प।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति, नैनीताल एवं तराई पूर्वी वन प्रभाग, हल्द्वानी के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रप्रेम के साथ नागरिकों और कार्मिकों में स्वच्छता, नशामुक्ति तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग दीपक कुमार सिंह, आईएफएस ने ध्वजारोहण के साथ किया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम और नागरिक कर्तव्यों के महत्व पर विचार व्यक्त किए।
डीएफओ दीपक कुमार सिंह ने कार्मिकों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की इच्छाशक्ति और निर्णय लेने की क्षमता को प्रभावित करता है। उन्होंने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
इसके बाद प्रभाग परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने परिसर की साफ-सफाई कर लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में एसडीओ अनिल जोशी, जिला परियोजना अधिकारी जिला गंगा समिति पीयूष तिवारी, सीनियर प्रोजेक्ट एसोसिएट भास्कर जोशी, वन क्षेत्राधिकारी गौला चंदन सिंह अधिकारी सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर “नशे से आजादी, गंदगी से आजादी और प्रदूषण से आजादी” का संदेश देते हुए स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।





















