

ज्योलीकोट में जल जनित रोगों के मामले पर सांसद अजय भट्ट ने लिया संज्ञान, अधिकारियों को दिए तत्काल रोकथाम के निर्देश।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट ने ज्योलीकोट क्षेत्र में फैल रहे डायरिया सहित जल जनित रोगों को लेकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके से ही जिलाधिकारी नैनीताल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और जल संस्थान के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर स्थिति की जानकारी ली।
सांसद अजय भट्ट सर्वप्रथम वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश जोशी के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनके पुत्र के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों से क्षेत्र में फैल रहे जल जनित रोगों और डायरिया के संबंध में जानकारी ली।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने अधिकारियों को रोगों की रोकथाम के लिए हर संभव उपाय तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सांसद निधि से ढाई लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
सांसद ने अधिकारियों से पेयजल लाइनों की जांच और आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द पूरा कराने के साथ ही प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।




















