

नैनीताल पुलिस लाइन में दिखी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की अलौकिक छटा, भव्य आयोजन ने मोहा शहरवासियों का मन
मा0 न्यायमूर्तियों और वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी मौजूदगी में नैनीताल पुलिस ने मनाया भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन नैनीताल में नैनीताल पुलिस परिवार की ओर से भव्य जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक उल्लास और पुलिस परिवार की एकजुटता से सजे इस आयोजन में जिलेभर के पुलिसकर्मियों, उनके परिजनों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल और न्यायमूर्ति आलोक मेहरा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसीएस रावत, कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, विधायक सरिता आर्या और एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
जन्माष्टमी समारोह में आयोजित स्टार नाइट शो मुख्य आकर्षण रहा। जी टीवी फेम गायिका वैशाली ने अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। वहीं लोक गायक नीरज चुफाल ने कुमाऊंनी लोकगीतों की प्रस्तुति देकर पहाड़ की संस्कृति की खूबसूरत झलक पेश की। अंतरराष्ट्रीय गायक विशाल प्रकाश ने भी अपनी शानदार प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बना दिया। दिल्ली के विशाल डांस एंड क्रू ने नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में नैनीताल पुलिस के जवानों और पुलिस परिवार के बच्चों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने जमकर सराहा। कार्यक्रम का नैनीताल पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज से लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे एक लाख से अधिक लोगों ने ऑनलाइन देखा।
समारोह में जनपद के विभिन्न थानों, सीपीयू, यातायात विभाग, संचार शाखा और फायर स्टेशनों की ओर से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां भी सजाई गईं। वरिष्ठ अधिकारियों और अतिथियों ने झांकियों का अवलोकन कर पुलिसकर्मियों की रचनात्मकता और मेहनत की सराहना की।
देर रात श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के मुख्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और पूरे पुलिस परिवार ने विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। इस दौरान प्रदेश और क्षेत्र की सुख-शांति एवं जनकल्याण की कामना करते हुए सामूहिक भजन-कीर्तन भी किया गया।
इस तरह नैनीताल पुलिस लाइन में आयोजित जन्माष्टमी समारोह आस्था, संस्कृति और उत्साह का भव्य संगम बनकर सामने आया।



















