
पत्नी गीता धामी संग मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मनाया करवाचौथ, प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी धर्मपत्नी गीता धामी के साथ करवाचौथ का पावन पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को करवाचौथ की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुखी एवं खुशहाल जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि करवाचौथ का पर्व भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों, अटूट विश्वास, प्रेम और समर्पण का प्रतीक है। हमारी सनातन परंपरा में इस पर्व का विशेष महत्व है। ऐसे त्योहार पारिवारिक रिश्तों को और अधिक मजबूत बनाने के साथ ही समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी विश्वास की भावना को भी बढ़ावा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराएं हमारी सामाजिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। त्योहारों के माध्यम से परिवारों में आपसी जुड़ाव और रिश्तों में आत्मीयता बढ़ती है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए प्रदेश के सभी परिवारों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।



