
मिठास में मिलावट का शक! रामनगर में गुड़ कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायतों को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने रामनगर में सख्ती बढ़ा दी है। गुड़ की गुणवत्ता को लेकर शिकायत सामने आने के बाद विभागीय टीम ने शहर के प्रमुख बाजारों में थोक और फुटकर कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गुड़ के पांच नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड और जिलाधिकारी के निर्देशों के साथ उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान के दिशा-निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बजाजा लाइन, कसेरा लाइन, ज्वाला लाइन, नई लाइन और कोसी रोड स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
विभाग के अनुसार 3 नवंबर को रामनगर के एक खाद्य कारोबारी के यहां गुड़ को लेकर शिकायत मिली थी। इसके बाद थोक और फुटकर गुड़ विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की जांच की गई। टीम ने पांच खाद्य नमूने संग्रहित कर राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। जांच रिपोर्ट में नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए व्यापारियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री बेचने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने व्यापारियों से विभागीय अभियान में सहयोग करने की अपील की।
विभाग ने दुकानदारों को साफ-सफाई रखने, खाद्य पदार्थों में मिलावट नहीं करने, पैकिंग पर निर्माण एवं समाप्ति तिथि अंकित रखने, रेट लिस्ट प्रदर्शित करने, बिल देने और FSSAI लाइसेंस प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं। खराब और एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेचने पर पूर्ण प्रतिबंध की भी हिदायत दी गई।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



