राष्ट्रपति की प्रस्तावित दून यात्रा को लेकर तैयारियां तेज़।

राष्ट्रपति की प्रस्तावित दून यात्रा को लेकर तैयारियां तेज़।

उधम सिंह राठौर – प्रधान सम्पादक

देहरादून।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की प्रस्तावित देहरादून यात्रा को लेकर राष्ट्रपति सचिवालय के अतिरिक्त सचिव डॉ. राकेश गुप्ता ने अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने राष्ट्रपति उद्यान सहित अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।

राष्ट्रपति निकेतन में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी डॉ. सबिन बंसल, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह, मुख्य नगर अधिकारी श्रीमती नमामि बंसल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम और प्रेजिडेंट्स एस्टेट के भीतर संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।


यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में गुंडा एक्ट का बड़ा एक्शन, 5 लोग जिला बदर; इस साल अब तक 103 अराजक तत्वों पर कार्रवाई।

132 एकड़ में आकार ले रहा ‘राष्ट्रपति उद्यान’

देहरादून में 132 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहा राष्ट्रपति उद्यान सुगम्यता, सततता और सामुदायिक सहभागिता के सिद्धांतों पर आधारित है। उद्यान में थीम आधारित बाग, तितली गृह, पक्षीशाला, झील, देश का दूसरा सबसे ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्तंभ, पैदल व साइकिल ट्रैक, ओपन एयर थियेटर, सार्वजनिक पुस्तकालय और फूड प्लाज़ा जैसी सुविधाएं होंगी। परियोजना को अगले वर्ष तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

यह भी पढ़ें 👉  दशहरे की खुशियां मातम में बदलीं, रामनगर में कॉलेज छात्र समेत दो युवाओं की दर्दनाक मौत।

हॉर्स राइडिंग एरीना और फुट ओवर ब्रिज तैयार

राष्ट्रपति निकेतन परिसर में हॉर्स राइडिंग एरीना नया आकर्षण बनेगा, जहां आगंतुक प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड के घोड़ों को करीब से देख सकेंगे। नई दिल्ली से 6 घोड़े यहां लाए जा रहे हैं।
वहीं, राजपुर रोड पर 32 मीटर लंबे पारंपरिक पहाड़ी वास्तुशिल्प वाले फुट ओवर ब्रिज का निर्माण भी पूरा हो चुका है। इसमें दोनों ओर लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध है।

राष्ट्रपति सचिवालय के जन संपर्क अधिकारी कुमार समरेश ने बताया कि राष्ट्रपति की आगामी यात्रा के दौरान हॉर्स राइडिंग एरीना व फुट ओवर ब्रिज का लोकार्पण संभव है।

यह भी पढ़ें 👉  "पहले हत्या, फिर आत्महत्या की कहानी! रामनगर में नवविवाहिता की मौत के मामले में पति समेत चार गिरफ्तार”

जनता के बीच लोकप्रिय हो रहा राष्ट्रपति निकेतन और तपोवन

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा 20 जून को लोकार्पित राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति तपोवन जनता और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुके हैं। पिछले चार महीनों में राष्ट्रपति निकेतन में 4,753 और राष्ट्रपति तपोवन में 15,567 आगंतुक पहुंचे।
निर्माणाधीन राष्ट्रपति उद्यान में प्रति वर्ष 20 लाख से अधिक लोगों के आने का अनुमान है।