पुष्कर सिंह धामी सरकार का बड़ा कदम—देहरादून सर्किट हाउस एनेक्सी बनेगा मॉडर्न सांस्कृतिक गेस्ट हाउस।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
देहरादून में स्थित राज्य अतिथि गृह सर्किट हाउस एनेक्सी का अब व्यापक कायाकल्प किया जाएगा। पुष्कर सिंह धामी सरकार के निर्देश पर इस गेस्ट हाउस को आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक देने के लिए विकसित किया जा रहा है।
आवास व राज्य संपत्ति सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर नवीनीकरण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्पष्ट किया गया कि यह केवल मरम्मत का कार्य नहीं होगा, बल्कि भवन को सांस्कृतिक और आधुनिक सुविधाओं के समन्वय के रूप में विकसित किया जाएगा।
योजना के तहत मीटिंग हॉल का पूर्ण नवीनीकरण किया जाएगा और दीवारों पर उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को दर्शाने वाली पेंटिंग्स लगाई जाएंगी। पहले चरण में मुख्य भवन के 12 कमरों और डोरमैट्री के 4 कमरों को आधुनिक रूप दिया जाएगा। इसके अलावा कोरिडोर में बेहतर लाइटिंग और लॉन क्षेत्र में खुलापन बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
दूसरे चरण में गेस्ट हाउस के विस्तार, नए गद्दों की खरीद और हर कमरे में डीटीएच सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।
सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने कहा कि राज्य के सभी अतिथि गृहों को आधुनिक और सुविधाजनक बनाना सरकार की प्राथमिकता है। सर्किट हाउस एनेक्सी का यह कायाकल्प उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती देगा और अतिथियों को उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।


















