विश्व वानिकी दिवस पर रिगोरा चौकी से संरक्षण का संदेश, स्वच्छता व वन्यजीव सुरक्षा पर जोर 🌱
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के अंतर्गत रिगोरा चौकी पर विश्व वानिकी दिवस उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम विजरानी रेंज के रेंज अधिकारी नवीन पाण्डेय की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें जिम कॉर्बेट नेचर गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद बुधानी एवं वेस्ट वॉरियर टीम की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में डिप्टी रेंज अधिकारी चौहान, गेट इंचार्ज प्रमोद डोरबी, प्रमोद सत्यवाली, नेचर गाइड्स सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। स्थानीय ग्रामीणों और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी कर कार्यक्रम को जन-जागरूकता का रूप दिया।
इस दौरान वनों के संरक्षण, वन्यजीवों की सुरक्षा, पर्यावरण संतुलन और स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए जंगल, वन्यजीव और स्वच्छ पर्यावरण बेहद जरूरी हैं, इसलिए इनके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है।
कार्यक्रम के अंतर्गत फलदार पौधों का रोपण किया गया और रिगोरा गेट क्षेत्र में वेस्ट वॉरियर टीम, नेचर गाइड्स, वन विभाग व ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सुथरे वातावरण का संदेश दिया।
इस अवसर पर विनोद बुधानी, नवीन पाण्डेय, भवानी दत्त सती और कैलाश पपने ने संयुक्त अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाना होगा, तभी आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य मिल सकेगा।
अंत में आयोजकों ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।


















