अफवाहों पर न दें ध्यान! बाबा के दरबार में आज 20,000 श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, स्थानीय जनता और होटल बुकिंग वालों को कोई रोक-टोक नहीं, शटल सेवा चल रही है लगातार — SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। श्री कैंची धाम स्थापना दिवस एवं मेला-2026 के अवसर पर बाबा नीम करौली महाराज के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। रविवार को अब तक लगभग 20 हजार श्रद्धालुओं ने कैंची धाम पहुंचकर बाबा के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस बीच सोशल मीडिया पर स्थानीय लोगों को रोके जाने संबंधी कुछ भ्रामक और तथ्यहीन सूचनाएं प्रसारित होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल Dr. Manjunath T C ने स्थिति स्पष्ट करते हुए आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
एसएसपी ने बताया कि कैंची धाम, गरमपानी, हरतपा और आसपास के क्षेत्रों के सभी स्थानीय निवासी वैध पहचान पत्र दिखाकर निर्धारित व्यवस्था के तहत निर्बाध रूप से आवागमन कर सकते हैं। स्थानीय नागरिकों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक रोक-टोक नहीं की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कैंची धाम क्षेत्र के होटलों में जिन श्रद्धालुओं की कन्फर्म बुकिंग है, उनके वाहनों को भी सत्यापन के बाद आगे जाने की अनुमति दी जा रही है। इस संबंध में एसपी ट्रैफिक, सीओ ट्रैफिक, एसएचओ भवाली समेत सभी जोनल और सुपर जोनल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों से शटल सेवा लगातार संचालित की जा रही है। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए स्टिकर सिस्टम प्रभावी रूप से लागू किया गया है। निर्धारित स्टिकर वाले वाहनों को ही आवागमन की अनुमति दी जा रही है, जिससे यातायात नियंत्रण में बना हुआ है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार मेला क्षेत्र में कहीं भी जाम की स्थिति नहीं है और यातायात व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। नैनीताल पुलिस द्वारा सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट जानकारियों पर विश्वास न करें और किसी भी अफवाह को आगे बढ़ाने से बचें।
पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।




