नशे में हुड़दंग पड़ा भारी: काठगोदाम में मारपीट और तोड़फोड़ करने वाले दो युवक गिरफ्तार, वाहन सीज।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी/काठगोदाम:
जनपद नैनीताल में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस का सख्त रुख जारी है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में काठगोदाम पुलिस ने शराब के नशे में उत्पात मचाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर उनका वाहन भी सीज कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 मार्च 2026 की शाम करीब 7 बजे नरीमन तिराहे के पास कुछ युवक शराब के नशे में धुत होकर एक वाहन चालक से अभद्रता करने लगे। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने चालक के साथ मारपीट की और उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में
भास्कर सिंह बिष्ट (23 वर्ष), निवासी पदमपुरी, मुक्तेश्वर
और हिमांशु कुमार (25 वर्ष), निवासी नवाबी रोड, हल्द्वानी शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 172(2) BNSS के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया गया है।
🚨 पुलिस का सख्त संदेश
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि देवभूमि में किसी भी प्रकार का हुड़दंग, नशे में मारपीट या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के साथ भारी जुर्माना और जेल की सजा सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


















