महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने किया रामनगर स्टेशन व कोच केयर सेंटर का गहन संरक्षा निरीक्षण।
रामनगर / बरेली।
पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल के अंतर्गत रेल संरक्षा एवं यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता को परखने के उद्देश्य से महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने दिनांक 08 फरवरी 2026 को कोच केयर सेंटर रामनगर एवं रामनगर रेलवे स्टेशन का गहन संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर सुश्री वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार सहित सभी शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।
महाप्रबंधक ने कोच केयर सेंटर में सीबीसी गेज बॉक्स, पोल व्हील सिम्युलेटर, सीबीसी पॉपुलर गेज, बफर हाइट गेज, हैंड ब्रेक इंडिकेटर, 3-प्वाइंटर व्हील, डायमीटर गेज, विनर अल्ट्रासोनिक थिकनेस गेज सहित अन्य संरक्षा उपकरणों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों व पर्यवेक्षकों से उपकरणों से जुड़ी संरक्षा प्रक्रियाओं पर चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके उपरांत उन्होंने फिटर रूम, मशीन रूम, स्क्रैप रूम, बायो टॉयलेट लैब, मैकेनाइज्ड क्लीनिंग यूनिट एवं बायो टॉयलेट अनुरक्षण कक्ष का निरीक्षण किया। वाशिंग पिट के निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने पानी की खपत को कम करने के निर्देश दिए। रोलिंग पॉइंट पर कार्यरत कर्मचारियों से संरक्षा संबंधी सावधानियों के बारे में जानकारी लेते हुए उन्होंने सभी पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा एवं सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने इसके बाद अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किए जा रहे रामनगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने आधुनिक प्रतीक्षालय, दिव्यांगजनों के लिए सहयोग बूथ एवं पुनर्विकसित आरक्षण भवन का गहन अवलोकन किया। साथ ही स्टेशन पैनल कक्ष एवं संरक्षा उपकरणों का निरीक्षण कर संरक्षित परिचालन व्यवस्थाओं का संज्ञान लिया।
ज्ञातव्य है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रामनगर स्टेशन का पुनर्विकास कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है। इसके अंतर्गत आधुनिक प्रतीक्षालय, मॉडर्न टॉयलेट ब्लॉक, स्टेशन भवन का फसाड, प्लेटफॉर्म उच्चीकरण, जीआरपी पोस्ट, आरक्षण भवन, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश-निकास द्वार, सिस्टमैटिक नालियां, पीपी शेल्टर, साइनेज, लाइटिंग एवं पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इसके अतिरिक्त दिव्यांगजनों के लिए टेक्सटाइल पथ, वाटर बूथ, टिकट काउंटर, टॉयलेट, रैंप, पार्किंग तथा सहायता हेतु विशेष सहयोग बूथ की व्यवस्था भी की गई है। स्टेशन परिसर में स्थापित हाथी व बाघ की आकर्षक आकृतियां यात्रियों के लिए सेल्फी प्वाइंट के रूप में विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि संरक्षा, स्वच्छता और यात्री सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
— (संजीव शर्मा)
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक,
इज्जतनगर मंडल






