

छात्राओं की सुरक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस का जागरूकता कार्यक्रम, 112 और SOS की दी जानकारी।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहायता प्राप्त करने और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को GGIC नैनीताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस संचार टीम ने छात्राओं को Dial-112 और SOS सुविधा की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल तथा आरआई संचार राजकुमार बिष्ट के नेतृत्व में किया गया।
पुलिस संचार टीम के अपर उप निरीक्षक यशपाल नेगी, अपर उप निरीक्षक गीता राणा, अपर उप निरीक्षक जगजीवन सिंह, हेड कांस्टेबल गौरव और हेड कांस्टेबल सुनील राणा ने छात्राओं को बताया कि किसी भी आपातकालीन अथवा असुरक्षित परिस्थिति में घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसी स्थिति में तत्काल Dial-112 पर कॉल कर पुलिस सहायता ली जा सकती है। इसके साथ ही SOS बटन के माध्यम से भी पुलिस तक मदद के लिए सूचना पहुंचाई जा सकती है।
पुलिस टीम ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि आपात स्थिति में पुलिस उनकी सहायता के लिए 24 घंटे तत्पर है। छात्राओं से अपील की गई कि खतरे की स्थिति में समय गंवाए बिना 112 डायल करें अथवा SOS सुविधा का इस्तेमाल करें।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को यह भी बताया गया कि 112 पर सहायता मांगने में किसी तरह का संकोच न करें। पुलिस ने संदेश दिया कि “डरें नहीं, बेझिझक मदद मांगें—पुलिस आपके साथ है।”
नैनीताल पुलिस ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेना उनकी सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।
नैनीताल पुलिस की अपील: “आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता—आपात स्थिति में 112 डायल करें, SOS दबाएं और निर्भीक रहें।”



















