एस.पी.एस. रावत बने प्रदेश संगठन महामंत्री, मोहित सिंह बिष्ट को प्रवक्ता की जिम्मेदारी।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
देहरादून। राजधानी स्थित साईं ग्रेस एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल में एसोसिएशन ऑफ प्राइवेट स्कूल्स कमेटी उत्तराखंड की अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. किशोर कुमार पंत ने की, जबकि संचालन कुमाऊँ मंडल अध्यक्ष रुद्राक्ष जोशी ने किया।

बैठक में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर जोर देते हुए नई नियुक्तियों की घोषणा की गई। एस.पी.एस. रावत को प्रदेश संगठन महामंत्री तथा मोहित सिंह बिष्ट को प्रदेश प्रवक्ता का दायित्व सौंपा गया। यह प्रस्ताव प्रदेश उपाध्यक्ष समरजीत सिंह ने रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक में शिक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ, जिनमें—
-
निजी विद्यालयों के शुल्क नियमन,
-
नई शिक्षा नीति 2020 की चुनौतियाँ,
-
पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा की उपलब्धता,
-
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हेतु शिक्षक प्रशिक्षण शामिल रहे।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पंत ने कहा कि एसोसिएशन का लक्ष्य केवल संगठन विस्तार नहीं, बल्कि राज्य के प्रत्येक बच्चे तक संस्कारित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि निजी विद्यालय समाज में जागरूकता और नई पीढ़ी को संस्कारित बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
नव नियुक्त संगठन महामंत्री एस.पी.एस. रावत, जो रामनगर पब्लिक स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं, लंबे समय से शिक्षा और संगठनात्मक कार्यों से जुड़े रहे हैं। उनसे अपेक्षा है कि वे जिलों और मंडलों के बीच तालमेल को और सुदृढ़ करेंगे। वहीं मोहित सिंह बिष्ट संगठन की गतिविधियों और विचारों को मीडिया व समाज के बीच प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगे।
बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि संगठन अब और अधिक सक्रियता से जिलों, ब्लॉकों और गाँव स्तर तक अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा।























