सनातन परंपरा को सहेजने की पहल: CM धामी ने पंचांग कैलेंडर का किया भव्य विमोचन।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
देहरादून — हिन्दू नववर्ष के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा पहली बार प्रकाशित पंचांग कैलेंडर का विधिवत विमोचन किया। इसे राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी सनातन परंपराओं, धार्मिक आस्थाओं और सांस्कृतिक मूल्यों के लिए देश-विदेश में विशेष पहचान रखता है। यहां की परंपराएं केवल आस्था नहीं, बल्कि जीवनशैली और सामाजिक संरचना का अभिन्न हिस्सा हैं। ऐसे में पंचांग कैलेंडर नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
📅 क्या होगा खास इस पंचांग में?
-
तिथि, वार, पक्ष और मास की सटीक जानकारी
-
व्रत, पर्व और विशेष दिवसों का विस्तृत विवरण
-
पारंपरिक त्योहारों और धार्मिक आयोजनों की महत्ता
-
उत्तराखंड के प्रमुख आस्था स्थलों की विशेष झलक
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कैलेंडर न सिर्फ एक उपयोगी दस्तावेज है, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत का प्रेरणादायक संकलन भी है। इसमें राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों को शामिल कर इसे और अधिक आकर्षक व ज्ञानवर्धक बनाया गया है।
👉 इस अवसर पर सचिव विनय शंकर पांडेय, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने विभाग की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में इसे और अधिक व्यापक व समृद्ध रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।


















