खैर तस्करों की ‘पिकअप’ पर वन विभाग का शिकंजा, बाजपुर में दो वाहन जब्त!
उधम सिंह राठौर प्रधान संपादक
बाजपुर। अवैध खैर लकड़ी के परिवहन के खिलाफ तराई पश्चिमी वन प्रभाग रामनगर की बन्नाखेड़ा रेंज ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर वन विभाग की टीम ने बाजपुर की पहाड़ी कॉलोनी में छापेमारी कर खैर प्रकाष्ठ से लदी दो संदिग्ध पिकअप गाड़ियों को कब्जे में लिया है।
जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई की शाम करीब 7:20 बजे वन विभाग को सूचना मिली कि दो पिकअप वाहन UK04CA-2905 और UK04CB-1367 में खैर की लकड़ी लदी हुई है। सूचना मिलते ही उप वन क्षेत्राधिकारी एवं वन सुरक्षा बल प्रभारी दीवान सिंह रौतेला के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया।
वन विभाग की टीम ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों वाहनों को बन्नाखेड़ा रेंज परिसर में ले जाकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम ने अवैध खैर लकड़ी के परिवहन पर सख्त संदेश दिया है।
यह कार्रवाई प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश चंद आर्य, उप प्रभागीय वनाधिकारी किरण शाह और वन क्षेत्राधिकारी बन्नाखेड़ा रेंज के निर्देशन में की गई। टीम में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।




