रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस का हुआ शुभारंभ, सीएम धामी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया फ्लैग ऑफ।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। कुमाऊं और गढ़वाल के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में उत्तराखंड को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा का संयुक्त रूप से फ्लैग ऑफ कर नियमित संचालन का शुभारंभ किया।
सप्ताह में दो दिन चलने वाली यह ट्रेन रामनगर से काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए देहरादून पहुंचेगी। नई रेल सेवा से यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों को सीधी और सुविधाजनक रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह ट्रेन केवल एक नई रेल सेवा नहीं, बल्कि कुमाऊं और गढ़वाल के बीच विकास, संपर्क और अवसरों की नई जीवनरेखा बनेगी। उन्होंने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया।
वहीं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यात्रियों की संख्या बढ़ने पर रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस का संचालन प्रतिदिन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन कुमाऊं और गढ़वाल के बीच सेतु का कार्य करेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड को वर्ष 2026-27 में रेलवे अवसंरचना के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट मिला है और राज्य में करीब 39 हजार करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है।




