“नशे के सिंडिकेट पर प्रहार! 91 ग्राम स्मैक के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार”
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
उत्तराखंड में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कुमायूँ पुलिस ने एक बार फिर ऐसा वार किया है कि नशे के सौदागरों में हड़कंप मच गया। ऊधमसिंहनगर के किच्छा में पुलिस ने एक शातिर तस्कर को 91.16 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ दबोच लिया। आरोपी पहले भी कई NDPS मामलों में पुलिस के रडार पर था।
पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में परिक्षेत्रीय एसओटीएफ और लालपुर चौकी पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। 7 जुलाई की देर शाम गुरुद्वारे वाली गली में चेकिंग के दौरान पुलिस ने मलकीत सिंह को घेरकर गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके कब्जे से 91.16 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
जांच में खुलासा हुआ कि मलकीत सिंह कोई नया खिलाड़ी नहीं, बल्कि नशे की तस्करी का पुराना चेहरा है। उसके खिलाफ पहले से ही दो NDPS एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब यह भी खंगाल रही है कि उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह जहरीला कारोबार कहां तक फैला हुआ है।
कुमायूँ पुलिस का साफ संदेश है—“ऑपरेशन प्रहार” अभी जारी है और उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने की मुहिम में किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। अब सवाल यह है कि अगला नंबर किस सौदागर का होगा? पुलिस की नजर हर उस चेहरे पर है, जो युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है।




