आरबीएसके वाहन स्वामियों का बकाया किराया दिलाने के निर्देश, भुगतान न करने पर ठेकेदार पर होगी कार्रवाई।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल, 23 जुलाई। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत सेवा दे रहे वाहन स्वामियों के लंबित मासिक किराये के भुगतान को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि संबंधित ठेकेदार भुगतान नहीं करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
यह निर्देश ज्योलिकोट निवासी वाहन स्वामी मनीष कुमार की शिकायत पर दिए गए। शिकायत में बताया गया कि वह आरबीएसके की भीमताल टीम-2 में वाहन सेवा दे रहे हैं, लेकिन संबंधित ठेकेदार द्वारा पिछले तीन माह से वाहन किराये का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उनके परिवार के भरण-पोषण और वाहन की किश्त चुकाने में आर्थिक कठिनाई उत्पन्न हो गई है।
आयुक्त ने शिकायतकर्ता, अन्य वाहन स्वामी, ठेकेदार और अपर मुख्य चिकित्साधिकारी की मौजूदगी में सुनवाई की। जांच में सामने आया कि वाहन स्वामियों ने सत्यापित लॉक बुक पहले ही ठेकेदार को उपलब्ध करा दी थी, इसके बावजूद भुगतान लंबित है।
आयुक्त ने सीएमओ नैनीताल को भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही कुमाऊं मंडल के सभी जिलाधिकारियों को भी अपने-अपने जनपदों में आरबीएसके के तहत कार्यरत वाहन स्वामियों के लंबित किराये की तत्काल समीक्षा कर भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश जारी किए।




