जंतर-मंतर वायरल वीडियो पर आईजी कुमाऊँ का सख्त रुख, आरक्षी शेर सिंह पर होगी कड़ी कार्रवाई।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
दिल्ली के जंतर-मंतर से उत्तराखंड पुलिस के आरक्षी शेर सिंह का वायरल वीडियो सामने आने के बाद आईजी कुमाऊँ श्रीमती निवेदिता कुकरेती ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने बताया कि आरक्षी शेर सिंह वर्तमान में पिथौरागढ़ में तैनात है और 28 जून 2026 से बिना अनुमति ड्यूटी से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित चल रहा है। कारण बताओ नोटिस का जवाब न देने पर पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ ने 20 जुलाई 2026 को उसे निलंबित कर दिया था।
आईजी ने बताया कि शेर सिंह पूर्व में एक अन्य आरक्षी के साथ संगठित अपराध से जुड़े मामले में भी आरोपित रहा है। हरिद्वार के गंगनहर थाने में दर्ज भूमि कब्जे और धोखाधड़ी के मामले में उसे 15 सितंबर 2025 को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
लगभग दो माह बाद वह उच्च न्यायालय से जमानत पर रिहा हुआ। इस प्रकरण में उसके विरुद्ध विभागीय जांच जारी है तथा सेवा से बर्खास्तगी की कार्रवाई भी प्रक्रियाधीन है।
आईजी कुमाऊँ ने स्पष्ट किया कि जंतर-मंतर पर की गई अमर्यादित टिप्पणियों और वायरल वीडियो का गंभीर संज्ञान लिया गया है तथा संबंधित आरक्षी के विरुद्ध विभागीय और वैधानिक नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।




