मानसून में वन सुरक्षा के लिए रामनगर, बैलपड़ाव और बन्नाखेड़ा रेंज की संयुक्त लंबी दूरी गश्त।
उधम सिंह राठौर – प्रधान सम्पादक
रामनगर। मानसून के दौरान वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार को रामनगर, बैलपड़ाव और बन्नाखेड़ा रेंज के वन कर्मियों ने संयुक्त रूप से लंबी दूरी की गश्त की। उप प्रभागीय वनाधिकारी, रामनगर और वन क्षेत्राधिकारी, रामनगर रेंज के नेतृत्व में शुरू हुई गश्त रामनगर रेंज की पापड़ी बीट से प्रारंभ होकर कोसी नदी पार करते हुए ज्वालावन बीट, बैलपड़ाव रेंज और आगे बन्नाखेड़ा रेंज के वन क्षेत्रों तक पहुंची।
गश्ती दल ने संवेदनशील क्षेत्रों का सघन निरीक्षण कर अवैध पातन, अवैध शिकार और अन्य वन अपराधों की रोकथाम के लिए निगरानी की। इस दौरान वन्यजीवों की गतिविधियों और उनके संकेतों का भी अवलोकन किया गया। गश्त से संबंधित आवश्यक जानकारी M-STrIPES App के माध्यम से दर्ज कर डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया गया।
वन विभाग ने बताया कि मानसून अवधि में जंगलों और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की संयुक्त एवं लंबी दूरी की गश्त लगातार जारी रहेगी।




