

लिफ्ट देने के बहाने 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से सोने के टॉप्स लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
भीमताल। 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को लिफ्ट देने के बहाने उनके सोने के टॉप्स लूटकर फरार हुए दो आरोपियों को भीमताल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का टॉप्स और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार भौर्सा गांव निवासी पूर्व ग्राम प्रधान भुवन चन्द्र पलड़िया ने कोतवाली भीमताल में तहरीर देकर बताया था कि 19 अगस्त 2026 को गांव की करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को अज्ञात बाइक सवारों ने लिफ्ट देने के बहाने अपने साथ बैठाया और रास्ते में उनके सोने के कुंडल/टॉप्स लूटकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने FIR संख्या 38/26, धारा 303(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर एसपी क्राइम/नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही हल्द्वानी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों की CCTV फुटेज का भी बारीकी से अवलोकन किया। सुरागरसी-पतारसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की।
लगातार जांच के बाद पुलिस टीम ने 31 अगस्त 2026 को दोनों आरोपियों को शक्तिफार्म, सितारगंज, जनपद ऊधमसिंहनगर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुजीत दास (27 वर्ष), निवासी जेल कैंप नंबर-2, शक्तिफार्म और कुन्दन विश्वास (22 वर्ष), निवासी आजाद वार्ड नंबर-1, शक्तिफार्म के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पीली धातु का टॉप्स और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या UK06BJ6150 बरामद की है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक महेन्द्र राज सिंह, कांस्टेबल मनोज पंत, नरेश परिहार और प्रकाश चन्द्र शामिल रहे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बुजुर्ग महिला से हुई लूट की घटना का खुलासा होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।




















