ज्योलीकोट में जल जनित बीमारी से हड़कंप, सांसद अजय भट्ट ने संभाला मोर्चा, विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात, लापरवाही मिलने पर दोषियों पर होगी कार्रवाई।

ज्योलीकोट में जल जनित बीमारी से हड़कंप, सांसद अजय भट्ट ने संभाला मोर्चा, विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात, लापरवाही मिलने पर दोषियों पर होगी कार्रवाई।

 

उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक

 

नैनीताल। ज्योलीकोट क्षेत्र में जल जनित बीमारियों के सामने आने के बाद मंगलवार को नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर स्वास्थ्य एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। सांसद ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलीकोट पहुंचकर मरीजों को मिल रहे उपचार, जांच, दवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी अधिकारियों से ली।

 

 

यह भी पढ़ें 👉  विकास की नई तस्वीर गढ़ रहा राज्य संपत्ति विभाग, पहाड़ से राजधानी तक आधुनिक सुविधाओं पर जोर

 

निरीक्षण के दौरान सांसद ने स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को प्रभावित लोगों को बेहतर एवं तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। दिल्ली के विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ ही नैनीताल जिले के विशेषज्ञ चिकित्सकों की भी तैनाती की गई है, ताकि मरीजों को समय पर विशेषज्ञ उपचार मिल सके।

 

मृतकों के परिजनों से मिले सांसद, जताया दुख

सांसद अजय भट्ट ने बीमारी की चपेट में आकर जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के घर पहुंचकर मुलाकात की और घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

यह भी पढ़ें 👉  कॉर्बेट परमिट बुकिंग प्रणाली सरल करने की मांग, नेचर गाइड एसोसिएशन ने पार्क वार्डन को सौंपा ज्ञापन।

अजय भट्ट ने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। संबंधित विभागों की ओर से जांच जारी है और यदि जांच में किसी की लापरवाही या दोष सामने आता है तो दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

 

 

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रभावित लोगों को त्वरित और बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए प्रभावी मॉनिटरिंग व्यवस्था और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से भी दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  ज्योलिकोट में जल जनित रोगों पर स्वास्थ्य विभाग की नजर, प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमें सक्रिय।

 

 

 

सांसद ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्थिति को सामान्य करने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।

 

 

इस दौरान नैनीताल विधायक सरिता आर्या, भीमताल ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, जिला मंत्री पुष्कर जोशी, ग्राम प्रधान हरगोबिंद रावत और कैलाश जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।