
धारी तहसील में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। जिले की धारी तहसील में जमीन की नाप कराने के एवज में 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में विजिलेंस टीम ने पटवारी निर्मल बोरा को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। हल्द्वानी विजिलेंस टीम ने 26 सितंबर को कार्रवाई करते हुए पटवारी को शिकायतकर्ता से कथित तौर पर 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा।
जानकारी के अनुसार, मोड़ा गांव निवासी एक व्यक्ति को अपनी जमीन की नाप करानी थी। आरोप है कि इस काम के एवज में संबंधित पटवारी निर्मल बोरा ने उससे 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। रिश्वत देने से इनकार करते हुए शिकायतकर्ता ने सतर्कता विभाग के टोल फ्री नंबर 1064 पर इसकी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस विभाग ने मामले का सत्यापन कराया। आरोपों की पुष्टि होने पर विभाग ने ट्रैप टीम गठित कर कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद 26 सितंबर को हल्द्वानी विजिलेंस की टीम ने धारी तहसील में जाल बिछाया और शिकायतकर्ता से कथित तौर पर 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पटवारी निर्मल बोरा को गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस टीम को मिलेगा नकद पुरस्कार
कार्रवाई के बाद विजिलेंस निदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन ने टीम की सराहना करते हुए उसे नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने आम जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत सतर्कता विभाग के टोल फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 9456592300 पर की जा सकती है।







