
पुलिस से बच रहे पांच वारंटियों का खेल खत्म, बनभूलपुरा पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। नैनीताल जिले में फरार वारंटियों के खिलाफ एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सख्त रुख अपनाया है। न्यायालय से जारी वारंटों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से बनभूलपुरा क्षेत्र में फरार चल रहे वारंटियों में हड़कंप मच गया है। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अब ऐसे लोगों की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है, जो न्यायालय से वारंट जारी होने के बावजूद गिरफ्तारी से बच रहे थे।
एसपी सिटी हरबंस सिंह के निर्देशन, सीओ हल्द्वानी लव शर्मा के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गफूर बस्ती निवासी दिलशाद, जवाहर नगर निवासी प्रदीप जोशी, राजपुरा निवासी क्रिश, मोहल्ला चौक निवासी शाहिद हुसैन और इंद्रानगर निवासी मौ. मकसूद शामिल हैं। इनमें दो आरोपियों के खिलाफ क्रमशः वर्ष 2019 और 2021 के क्रिमिनल केसों में वारंट जारी थे।
इस अभियान में उपनिरीक्षक मनोज यादव, पुष्कर आर्या, बबीता मेहरा समेत 10 पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही।
साफ है कि एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर अब फरार वारंटियों को राहत मिलने वाली नहीं है। पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।












