
रामनगर के छोई स्थित रिजॉर्ट में 10 वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ का आरोप, रिजॉर्ट ट्रेनी कर्मचारी हिरासत में, पर्यटकों की सुरक्षा पर उठे सवाल।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। छोई स्थित एक रिजॉर्ट में परिवार के साथ ठहरी 10 वर्षीय बच्ची के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। बच्ची के पिता ने रिजॉर्ट में कार्यरत एक ट्रेनी कर्मचारी पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश निवासी महिराज सिंह 26 सितंबर 2026 को अपने परिवार के साथ रामनगर के छोई स्थित एक रिजॉर्ट में ठहरे हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान रिजॉर्ट में कार्यरत बिहार निवासी कर्मचारी रोहित कुमार ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ की।
घटना के बाद बच्ची के परिजनों ने स्थानीय पुलिस से शिकायत की। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी कर्मचारी को हिरासत में लिया। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद रिजॉर्ट में ठहरे पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बच्ची की पहचान और अन्य संवेदनशील जानकारियां गोपनीय रखी गई हैं।







