
खेत के विवाद ने लिया खूनी रूप, पिता-पुत्र पर लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप; भाई-भाभी घायल।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। मालधनचौड़ के मोहननगर क्षेत्र में खेत में काम करने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। पड़ोस में रहने वाले पिता-पुत्र पर किसान और उसके परिवार के साथ गाली-गलौज करने तथा लोहे की रॉड से हमला करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना में किसान के बड़े भाई और भाभी घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार 3 अक्टूबर की सुबह करीब 11 बजे भजन सिंह अपने खेत में लिप्टिस के पेड़ों के आसपास उगी जंगली घास की सफाई कर रहा था। इसी दौरान खेत में लगे पानी के पाइप को हटाने को लेकर पड़ोसी कुंदन सिंह और उसके पुत्र बलविंदर सिंह से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों ने भजन सिंह के साथ गाली-गलौज की और मारपीट का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ने पर भजन सिंह वहां से चला गया।
इसके बाद दोनों उसके बड़े भाई सुंदर सिंह और भाभी जीतो कौर के पास खेत में पहुंच गए। आरोप है कि दोनों के साथ भी गाली-गलौज की गई। विरोध करने पर कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। हमले के दौरान दोनों ने किसी तरह खुद को बचाया। घटना में सुंदर सिंह के सीने और जीतो कौर की कमर के निचले हिस्से में चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
घायलों का रामनगर स्थित रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय में उपचार एवं मेडिकल कराया गया। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों से जान-माल का खतरा बताते हुए पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद क्षेत्र में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। वहीं पुलिस की जांच और कार्रवाई के बाद ही विवाद की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।







