
बच्चों के हाथों से मोबाइल लेकर थमाइए किताबें, खेल के मैदान से जुड़े नई पीढ़ी : दीपक रावत।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। मोबाइल और सोशल मीडिया की बढ़ती लत के बीच बच्चों की एकाग्रता और रचनात्मकता को लेकर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने महत्वपूर्ण संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि आज बच्चों के सामने सूचनाओं की कमी नहीं है, लेकिन सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण उनका ध्यान भटक रहा है। बच्चों को मोबाइल की दुनिया से निकालकर अच्छी पुस्तकों, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की जरूरत है।
दीपक रावत निर्मला कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल काठगोदाम के वार्षिकोत्सव ‘ऐक्य’ में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हर बच्चे के भीतर अलग प्रतिभा छिपी होती है। जरूरत सिर्फ उस प्रतिभा को पहचानने और सही दिशा देने की है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों पर अपनी पसंद थोपने के बजाय उनकी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर देने की अपील की।
एक मंच पर दिखा पूरा भारत
वार्षिकोत्सव की खासियत भारतीय संस्कृति की विविधता में एकता की थीम रही। विद्यार्थियों ने उत्तराखंड, गुजरात, राजस्थान, पंजाब और दक्षिण भारत की लोकसंस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और संगीत के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि भाषाएं और परंपराएं भले अलग हों, लेकिन भारत की एकता की भावना सभी को जोड़ती है।
स्वच्छता पर भी आयुक्त ने दिया संदेश
दीपक रावत ने हल्द्वानी की स्वच्छता को लेकर भी नागरिकों को जिम्मेदारी का एहसास कराया। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना सिर्फ नगर निगम का काम नहीं है। प्रत्येक नागरिक को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने की आदत अपनानी होगी। सामूहिक प्रयासों से ही हल्द्वानी को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि उपकुलपति डॉ. सतपाल सिंह और डीआईजी सीआरपीएफ किशोर प्रसाद सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने मुख्य अतिथि को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्या सिस्टर स्मिता मैथ्यू ने सभी अतिथियों का आभार जताया।












